गाजीपुर
काली माता मंदिर में चोरी, सोने के आभूषण और घंटे ले उड़े चोर
जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हरपुर गांव स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर से पांच बड़े घंटे, सोने के आभूषण और दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो खुला मामला
शनिवार सुबह पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचे पुजारी महेंद्र कुमार ने गर्भगृह का ताला टूटा और अंदर सामान अस्त-व्यस्त देखा। जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई। बताया गया कि चोर एक क्विंटल से अधिक वजन के पांच बड़े घंटे, सोने का मांग टीका, नथुनी, मंगलसूत्र और दान पेटी में रखी नकदी चुरा ले गए।
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। धार्मिक स्थल पर चोरी को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और घटना का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
