गाजीपुर
सिधौना के रमेश मिश्र पुनः बने पीआरकेएस के केंद्रीय अध्यक्ष, क्षेत्र में खुशी की लहर
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महाधिवेशन में सर्वसम्मति से हुआ चयन, कर्मचारियों के हितों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
सिधौना (गाजीपुर)। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) के त्रैवार्षिक सामान्य सभा एवं महाधिवेशन में एक बार फिर गाजीपुर जनपद के सिधौना गांव के मूल निवासी रमेश मिश्र को सर्वसम्मति से केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया। वहीं विनोद कुमार राय को संगठन का महामंत्री बनाया गया। गोरखपुर स्थित रेलवे स्टेशन गेट संख्या-1 के केंद्रीय कार्यालय परिसर में आयोजित महाधिवेशन में पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न मंडलों से हजारों रेलकर्मी और पदाधिकारी शामिल हुए।

कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन
महाधिवेशन में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, रेलवे में रिक्त पदों पर भर्ती, वरिष्ठ तकनीशियनों की पदोन्नति, ट्रैक मेंटेनर्स की समस्याओं के समाधान तथा निजीकरण और आउटसोर्सिंग के विरोध जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
गोरखपुर महापौर ने दिया सहयोग का आश्वासन
कार्यक्रम में गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी शामिल हुए। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए संगठन की सक्रिय भूमिका की सराहना की।

कई पदाधिकारियों को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
महाधिवेशन के दूसरे सत्र में नई केंद्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें रमेश मिश्र को केंद्रीय अध्यक्ष, विनोद कुमार राय को महामंत्री तथा अरशद जमाल को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा नवल चटर्जी, सतीश चंद्र बघेल, अनुराग श्रीवास्तव, एस.आर. सहाय और पंकज दत्त भट्ट को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं सुबोध कुमार चौधरी, ओ.पी. सिंह, मोहम्मद जावेद, दीपक चौधरी, कुलदीप मणि त्रिपाठी, शमशाद अहमद, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, के.एम. मिश्रा, देवेश कुमार सिंह, अब्दुल खालिद और जे.एस. यादव सहित अन्य पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए।

पुनर्निर्वाचन पर क्षेत्र में उत्साह
सिधौना निवासी रमेश मिश्र के पुनः केंद्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इसे गांव और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उनके पुनर्निर्वाचन पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, शिवाजी मिश्र, करुणाशंकर मिश्र, उपेंद्र मिश्र, श्रवण मिश्र, कृष्णानंद सिंह, कुंदन सिंह, अनिल सिंह, अनिकेत मिश्र और अनुराग मिश्र सहित अनेक लोगों ने शुभकामनाएं और बधाई दी।

कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष रहेगा जारी
नवनिर्वाचित केंद्रीय अध्यक्ष रमेश मिश्र ने सभी प्रतिनिधियों, रेल कर्मचारियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और कर्मचारियों के अधिकारों, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन भविष्य में और अधिक सशक्त होकर रेलवे कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाएगा। उनके पुनर्निर्वाचन से सिधौना सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है।
