Connect with us

गाजीपुर

सावन के पहले सोमवार पर बाबा सोमेश्वर महादेव धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Published

on

Loading...
Loading...

भोर से जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर

नगर से लेकर गांवों के शिवालयों में दिनभर चलता रहा दर्शन-पूजन

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार पर नगर से सटे बैजलपुर स्थित बाबा सोमेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु रात करीब तीन बजे से ही गंगा स्नान कर अथवा घर से स्नान-ध्यान कर मंदिर पहुंचने लगे। बारिश के बीच भी भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए कतारबद्ध रहे।

शिवमय रहा पूरा मंदिर परिसर

पूरे दिन मंदिर परिसर “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा। शिव भजनों की मधुर धुनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

प्रसाद वितरण की रही व्यवस्था

मंदिर से बाहर निकलने वाले मुख्य द्वार पर सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता की।

Advertisement

अन्य शिवालयों में भी रही भारी भीड़

सावन के पहले सोमवार पर नगर के अग्रवाल टोली स्थित बुढ़िया माई शिव मंदिर, शैव मोहल्ला नागेश्वर महादेव मंदिर, यूसुफपुर छोटका पोखरा शिव मंदिर, तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर सहित गांव-गांव के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह से देर शाम तक दर्शन-पूजन और जलाभिषेक का क्रम लगातार चलता रहा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page