गाजीपुर
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
तीन दिवसीय विशेष अभियान में 2,130 लोगों पर शिकंजा, 1,460 के खिलाफ विधिक कार्रवाई
महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी सर्किलों में चला सघन अभियान
गाजीपुर। जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 19 जून से 21 जून 2026 तक चले इस अभियान के दौरान कुल 2,130 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें से 1,460 व्यक्तियों के विरुद्ध 34 पुलिस एक्ट एवं धारा 292 बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की गई, जबकि 670 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में नगर, भुड़कुड़ा, सैदपुर, कासिमाबाद, मुहम्मदाबाद और जमानिया सर्किलों में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
शराब के ठेकों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शराब की दुकानों, वाइन शॉप्स, पार्कों, चौराहों और सड़क किनारे सार्वजनिक रूप से शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
सर्किलवार कार्रवाई का विवरण
नगर सर्किल में 298 व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनमें 89 के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा 209 को चेतावनी दी गई।
भुड़कुड़ा सर्किल में 385 व्यक्तियों को पकड़ा गया। इनमें 182 के खिलाफ कार्रवाई हुई जबकि 203 को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
सैदपुर सर्किल में 175 व्यक्तियों को पकड़ा गया और सभी 175 लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।
कासिमाबाद सर्किल में 100 लोगों को पकड़ा गया। कुल 203 मामलों में कार्रवाई की गई तथा 127 लोगों को चेतावनी दी गई।
मुहम्मदाबाद सर्किल में 344 लोगों को पकड़ा गया। इनमें 130 के खिलाफ कार्रवाई हुई और 223 लोगों को चेतावनी दी गई।
जमानिया सर्किल में सबसे अधिक 756 लोगों को पकड़ा गया। इनमें 536 व्यक्तियों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई जबकि 220 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी
गाजीपुर पुलिस ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से सार्वजनिक अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़कों, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तथा महिला सुरक्षा में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
