Connect with us

गाजीपुर

भरत तिवारी और जोखू उपाध्याय प्रकरण में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

ब्राह्मण रक्षा दल ने कासिमाबाद तहसील में सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग

भरत भूषण तिवारी की कथित मुठभेड़ और जोखू उपाध्याय प्रकरण को लेकर जताया आक्रोश

कासिमाबाद (गाजीपुर)। ब्राह्मण रक्षा दल के संयोजक प्रेम शंकर मिश्र के नेतृत्व में सोमवार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी कासिमाबाद को सौंपा गया। ज्ञापन में बिहार के भोजपुर जनपद में हुई भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने भरत भूषण तिवारी की संदिग्ध मुठभेड़ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस घटना से समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए 11 प्रमुख मांगें रखीं। इनमें घटना की तत्काल और निष्पक्ष जांच, मामले में शामिल पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को निलंबित करने तथा जांच में मुठभेड़ फर्जी सिद्ध होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग शामिल है।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी देने की मांग

Advertisement

ब्राह्मण रक्षा दल ने मांग की कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। संगठन ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि इस मामले में बिहार सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

जोखू उपाध्याय प्रकरण का भी उठाया मुद्दा

इस अवसर पर ब्राह्मण रक्षा दल के संयोजक प्रेम शंकर मिश्र ने कहा कि जोखू उपाध्याय की मौत के मामले में भी न्याय की प्रतीक्षा जारी है। उन्होंने दावा किया कि जोखू उपाध्याय की मौत पुलिस पिटाई के कारण हुई थी और मामले की एसआईटी जांच अब तक जारी है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वरिष्ठ ब्राह्मण नेताओं के साथ लगातार विचार-विमर्श चल रहा है और जल्द ही जिले में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर जोखू उपाध्याय को न्याय दिलाने की मांग को और मुखर किया जाएगा।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

प्रेम शंकर मिश्र ने कहा कि भरत तिवारी और जोखू उपाध्याय से जुड़े दोनों मामले पुलिस की कथित बर्बरता और क्रूरता की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की सच्चाई सामने आना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई हो।

Advertisement

कार्यक्रम में दिनेश मिश्रा, गणेश दत्त मिश्रा, अनिल पांडेय, मिंटू पांडेय, रणजीत मिश्रा, मृत्युंजय मिश्रा, वीरेंद्र मिश्रा, राज दुबे, धीरेंद्र पांडेय, अशोक शर्मा, पंकज पांडेय, दिनेश राय, कौशल मिश्र, अनुज पाण्डेय, आशीष मिश्र, उदय नारायण पाण्डेय, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश मिश्र सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page