जौनपुर
सड़क किनारे बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के वीरभानपुर ग्राम सभा में गुरुवार को सड़क किनारे एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, वहीं पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बन्तरी गांव निवासी दुलार यादव (70 वर्ष) गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मृत अवस्था में पाए गए। राहगीरों की नजर शव पर पड़ने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चंदवक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
