बलिया
सकरपुरा में आग का तांडव, आधा दर्जन रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख
अनाज, पशुओं का चारा, घरेलू सामान और नकदी स्वाहा, प्रभावित परिवारों को सहायता का आश्वासन
ग्रामीणों की तत्परता से आग पर पाया गया काबू, राजस्व विभाग ने शुरू किया नुकसान का आकलन
बलिया। बांसडीह तहसील के सकरपुरा गांव में शनिवार देर शाम अज्ञात कारणों से लगी आग ने आधा दर्जन रिहायशी झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में कई परिवारों का गृहस्थी का सामान, खाद्यान्न, पशुओं का चारा और नकदी जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले लक्ष्मण ठाकुर की रिहायशी झोपड़ी में आग लगी। तेज लपटों के चलते आग तेजी से फैल गई और उर्मिला देवी, देवंती देवी तथा दुर्गावती देवी समेत करीब आधा दर्जन परिवारों की झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गईं।
आग में चावल, गेहूं, मक्का, चना सहित बड़ी मात्रा में खाद्यान्न, पशुओं का चारा, ओढ़ने-बिछाने का सामान तथा करीब पांच हजार रुपये नकद भी जल गए। भीषण गर्मी के कारण अधिकांश ग्रामीण घरों के बाहर बैठे थे। झोपड़ी से धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना जिला पंचायत सदस्य अनिल यादव सहित ग्रामीणों ने पुलिस और राजस्व विभाग को दी। रविवार सुबह क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
