मिर्ज़ापुर
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा, जिलाधिकारी ने लापरवाही पर जताई नाराजगी
फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और नालियों की नियमित सफाई के दिए निर्देश
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव रोकने, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और साफ-सफाई के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर को निर्देशित किया कि कहीं भी गंदा पानी एकत्र न होने पाए तथा नियमित रूप से फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी के प्रति नाराजगी जताते हुए झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई तथा अनुपयोगी हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की विशेष सफाई कराई जाए। वहीं नगर पालिका परिषद मीरजापुर को निर्देश दिया कि शहर में कहीं भी कूड़े का ढेर न लगने पाए तथा कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी निकलवाकर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए।
अहरौरा नगर पालिका क्षेत्र में फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव नियमित न होने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाते हुए अभियान को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का डाटा सही एवं समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुसंडी में अपेक्षाकृत कम आभा आईडी बनाए जाने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शत-प्रतिशत आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आशा एवं एएनएम द्वारा ई-कवच पोर्टल पर डाटा इंट्री में लापरवाही पर भी सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को शत-प्रतिशत डाटा अपलोड सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान को भी व्यापक स्तर पर चलाया जाए, ताकि लोग साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक हों।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
