गाजीपुर
शौच के लिए निकला किशोर लापता, जांच में जुटी पुलिस
गाजीपुर। जिले के गहमर कोतवाली क्षेत्र से एक 15 वर्षीय किशोर शुभम कुमार गुप्ता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। शुभम शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक उसके वापस न लौटने पर परिजन परेशान हो उठे। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
शुभम के मामा अनिल कुमार गुप्ता ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुभम उनके जीजा पप्पू प्रसाद गुप्ता का बेटा है और परिवार के साथ ही रहता है। घटना के बाद परिजनों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों और सभी रिश्तेदारों के यहां पता लगाने का भरसक प्रयास किया, परंतु शुभम का कोई अता-पता नहीं चला।
शुभम के अचानक गायब हो जाने से परिवार में मातम छा गया है। परिजन गहरे सदमे में हैं और शुभम की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर गहमर कोतवाली प्रभारी अशेषनाथ सिंह ने बताया कि किशोर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि संभावित ठिकानों पर खोजबीन जारी है और आसपास के इलाकों में भी सूचना प्रसारित की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को शुभम के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत गहमर कोतवाली या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
