वाराणसी
सीएचसी शिवपुर में पौधरोपण, स्वास्थ्य सेवाओं का भी हुआ निरीक्षण
शिवपुर। विश्व पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) शिवपुर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के दौरान अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. नवीन सिंह ने सीएचसी शिवपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, दवा वितरण व्यवस्था, स्वच्छता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. संतोष यादव, डॉ. अरुण यादव, डॉ. रश्मि उपाध्याय, मनोज दुबे, अकाउंटेंट नितेश चौबे समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम का समापन लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।
