पूर्वांचल
शाहगंज कोतवाली में आईजी का औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर जतायी नाराजगी
शाहगंज (जौनपुर)। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मोहित गुप्ता ने शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे शाहगंज कोतवाली परिसर का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आईजी ने सर्किल क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने सर्किल के सभी थानाध्यक्षों से क्षेत्र में घटित आपराधिक घटनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने जिले में शाहगंज सर्किल को सबसे खराब स्थिति में बताते हुए अपराध नियंत्रण में विफलता पर नाराजगी जाहिर की।

अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश
आईजी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी और सक्रिय पुलिसिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपराधियों की पृष्ठभूमि की जानकारी रखने और समय पर निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अपराध नियंत्रण में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित बीट के सिपाहियों और दरोगाओं पर कार्रवाई की जाएगी।

महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई का आदेश
महिला अपराधों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई। आईजी ने कहा कि महिला संबंधित अपराधों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जब आईजी ने निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य मामलों पर सवाल किए, तो संतोषजनक जवाब न मिलने पर सभी अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।

आईजी ने सर्किल क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
