गाजीपुर
शहीद रामभरत सिंह यादव की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
धावा फरीदपुर गांव में वीर सपूत को किया गया नमन
शादियाबाद (गाजीपुर)। क्षेत्र के धावा फरीदपुर गांव में शहीद सिपाही रामभरत सिंह यादव की 26वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
देश सेवा और सैन्य जीवन को किया गया याद
कार्यक्रम में शौर्य सैनिक संगठन के कैप्टन रामदुलार सिंह यादव ने शहीद रामभरत सिंह यादव के सैन्य जीवन और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शहीद रामभरत सिंह यादव 26 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे, जो जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए कुमाऊँ रेजिमेंट द्वारा गठित की गई थी।

उन्होंने अपने सेवा काल में देश के कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण सैन्य अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
कई सैन्य अभियानों में निभाई अहम भूमिका
कैप्टन रामदुलार सिंह यादव ने बताया कि शहीद रामभरत सिंह यादव ने ऑपरेशन फाल्कन के तहत 27 मार्च 1998 से 3 अक्टूबर 1999 तक अरुणाचल प्रदेश की दुर्गम चीन सीमा पर सेवा दी।
इसके बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक तथा कारगिल क्षेत्र में ऑपरेशन विजय के दौरान भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए हुए शहीद
उन्होंने बताया कि 19 जून 2000 को जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान शहीद रामभरत सिंह यादव आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। दुश्मनों से लोहा लेते समय उनके सीने पर गोली लगी थी और उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
पदक से किया गया था सम्मानित
देश सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें 50वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पदक से भी सम्मानित किया गया था। मात्र 24 वर्ष की आयु में उन्होंने सर्वोच्च बलिदान देकर गाजीपुर की धरती का नाम गौरवान्वित किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
पुण्यतिथि कार्यक्रम में रामनगीना यादव, दीपक यादव, सूबेदार मेजर सुखराम, मीडिया प्रभारी अनिल यादव, धीरेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, विशेसी सिंह कुशवाहा, कैप्टन अंबिका यादव, सूबेदार मेजर गणेश पाल सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद रामभरत सिंह यादव के बलिदान को याद करते हुए उन्हें राष्ट्र का गौरव बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
