बलिया
वैना रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
एक सप्ताह पहले गांव आया था मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
निजी नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था दिनेश सिंह, घटना से गांव में शोक
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के वैना रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान दिनेश सिंह (40) पुत्र रामजी सिंह, निवासी सागरपाली, थाना फेफना के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार शाम करीब आठ बजे पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि दिनेश सिंह बाहर रहकर निजी नौकरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। वह करीब एक सप्ताह पहले जमीन संबंधी कार्य के सिलसिले में गांव आए थे।
थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
