भदोही
वृद्धजन आश्रम में वरिष्ठ नागरिकों को बताए गए अधिकार और कर्तव्य
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की गोष्ठी में कानूनी जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी दिया गया संदेश
पीएलवी ने आध्यात्मिक जीवन, नशामुक्ति और शाकाहार अपनाने की अपील की
गोपीगंज (भदोही)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भदोही के तत्वावधान में गोपीगंज नगर के खड़हट्टी मोहल्ला स्थित वृद्धजन आश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के साथ समाज और परिवार के प्रति उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।
एक्शन प्लान 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में पीएलवी (अधिकार मित्र) प्रेमशंकर मौर्य एवं रामकृष्ण पाठक ने वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
पीएलवी प्रेमशंकर मौर्य ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपने जीवन का अधिक समय आध्यात्मिक साधना एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाना चाहिए। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाइयों— “कलियुग केवल नाम अधारा, सुमिरि-सुमिरि नर उतरहि पारा”—का उल्लेख करते हुए आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए लोगों से नशामुक्त एवं शाकाहारी जीवनशैली अपनाने की अपील की। उनका कहना था कि इससे स्वस्थ, संवेदनशील और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में वृद्धजन आश्रम के प्रबंधक प्रदोष कुमार पंडा, असिस्टेंट मैनेजर राजन पंडा, गौरव श्रीवास्तव, संजू गुप्ता, नैंसी, सुरेश, दीनानाथ सहित आश्रम में रह रहे अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
