भदोही
वीएचएनडी सत्र से अनुपस्थित मिलीं सीएचओ, सीएमओ ने रोका एक दिन का वेतन
हरियाव में निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से गायब मिलीं प्रीति राव, सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
भदोही। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके चक ने हरियाव में आयोजित वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) प्रीति राव ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीएचएनडी सत्र में महिलाओं और बच्चों को विभिन्न टीके लगाए जाते हैं तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
सीएमओ डॉ. एसके चक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने और आमजन को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एएनएम सुनीता मौर्या, आशा सीमा देवी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौके पर मौजूद मिलीं।
