भदोही
स्वदेशी जागरण मंच की जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट
डीएम से मिलकर मांगा जवाब
सीएम के कार्यक्रम के दौरान कार्रवाई का मामला, रूपाली जायसवाल ने शिकायत और हाउस अरेस्ट के औचित्य की जांच की मांग की
भदोही। स्वदेशी जागरण मंच की महिला जिलाध्यक्ष रूपाली जायसवाल को 4 अक्टूबर को हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान हुई इस कार्रवाई से नाराज रूपाली जायसवाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाब तलब करने की मांग की।
रूपाली जायसवाल के अनुसार, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे महिला पुलिसकर्मी उनके मर्यादपट्टी स्थित लाल कारपेट आवास पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया और हाउस अरेस्ट कर दिया। रूपाली के मुताबिक पुलिस ने उन्हें बताया कि भाजपा नेत्री प्रियंका जायसवाल की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
प्रचार में बाधा डालने की आशंका का आरोप
रूपाली जायसवाल ने बताया कि वह अपनी मां रेखा जायसवाल के साथ रहती हैं। उनका अपने भाई और भाभी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। उनके अनुसार, भाजपा नेत्री प्रियंका जायसवाल की ओर से प्रशासन को शिकायत दी गई थी कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान रूपाली उनके प्रचार कार्यक्रम में बाधा डाल सकती हैं। इसी आशंका के आधार पर पुलिस ने उन्हें घर में नजरबंद किया।
कार्रवाई के आदेश पर उठाए सवाल
रूपाली जायसवाल ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में सवाल उठाया कि उन्हें हाउस अरेस्ट करने का आदेश किस अधिकारी या स्तर से जारी किया गया था और इस कार्रवाई का आधार क्या था। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई ठोस कारण या आदेश था तो उसकी जानकारी भी उन्हें दी जानी चाहिए थी।
उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा हाउस अरेस्ट की कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
रूपाली जायसवाल ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने के कारण और आदेश की जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
