मिर्ज़ापुर
विषैले सर्प के दंश से महिला अचेत, हालत गंभीर
राजगढ़ (मिर्ज़ापुर)। विकासखंड राजगढ़ के पतार कला गांव में मंगलवार दोपहर नदी में स्नान करने जा रही महिला को घास में छिपे विषैले करैत सर्प ने डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
पतार कला निवासी 36 वर्षीय बिंदू देवी पत्नी शशिशेखर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित नदी में स्नान करने जा रही थीं। रास्ते में घास में छिपे करैत सर्प ने उनके पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला चीखने लगीं। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तत्काल सीएचसी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटीवेनम की 10 डोज दीं। इसके बाद महिला की हालत में सुधार बताया गया। सीएचसी के चिकित्सक अनुरूप सिंह ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
