गोरखपुर
विवाहिता से मारपीट, चाकू से हमला और धमकी का आरोप
पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
गोला बाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के कैथवली गांव निवासी विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मारपीट, धारदार हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घरेलू विवाद में मारपीट का आरोप
पीड़िता मधु रावत के अनुसार, 11 अगस्त की सुबह करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच घरेलू विवाद को लेकर उसके ससुर प्रभंश रावत, सास कौशल्या देवी, ननद निकिता और पति दीपचंद रावत ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान चारों ने लात-मुक्के और लाठी-डंडे से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
हाथ में लगी गंभीर चोट
महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके पति ने धारदार वस्तु से भी हमला किया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट लगी। पीड़िता के मुताबिक आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 351(3), 352 और 85 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
