गोरखपुर
विवाहिता ने पंखे की कुंडी में लटककर की आत्महत्या, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
सहजनवां (गोरखपुर)। नगर पंचायत सहजनवां के वार्ड नंबर-14, लुचुई में एक विवाहिता द्वारा पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे लटककर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
छह माह के बच्चे के रोने से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-14 लुचुई निवासी ममता गुप्ता (22 वर्ष) पत्नी शुभम गुप्ता ने अपने कमरे में फंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय सुबह करीब 4 बजे उसका छह माह का मासूम बच्चा लगातार रो रहा था। परिजनों ने कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
दरवाजा तोड़कर सामने आया दर्दनाक दृश्य
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो देखा कि विवाहिता पंखे की कुंडी से लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पिता ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता बिंदु प्रसाद पुत्र चतुरी, निवासी मठिया उर्फ अकटहा, थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
उन्होंने दामाद शुभम गुप्ता, सास शकुंतला देवी और ससुर उदय गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस ने दर्ज किया दहेज हत्या का मुकदमा
थानेदार संजय कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
