वाराणसी
रेवड़ी तालाब में 44वां ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न, अर्जुन की धमाकेदार पारी से आरटीएससी बनी चैंपियन
वाराणसी। रेवड़ी तालाब स्थित जय नारायण इंटर कॉलेज के मैदान पर बनारस स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित 44वें ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंट पूरे उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ।
वर्ष 1982 से लगातार आयोजित हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इस बार 16 टीमों ने भाग लिया। करीब 20 दिनों तक चले मुकाबलों में पूर्वांचल के साथ-साथ भदोही और बेलथरा से आई टीमों ने भी दमदार प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबला रेवड़ी तालाब की आरटीएससी और बजरडीहा की मलिक मोबाइल स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मलिक मोबाइल टीम ने आठ ओवर में 85 रन बना कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
जवाब में उतरी आरटीएससी टीम की ओर से बल्लेबाज अर्जुन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 16 गेंदों में 50 रन ठोक दिए और अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी। अर्जुन के ऑलराउंड प्रदर्शन ने उन्हें मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बॉलर का खिताब भी दिलाया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरे मैच के दौरान उत्साह चरम पर रहा। आयोजक समिति में मो. नसीम, अजमल, अमन खान, जफर खान, सलमान, फैसल खान सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी टीमों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
