वाराणसी
ईंट से कुचलकर पत्नी की हत्या, आरोपी पति धराया
वाराणसी। जिले के लोहता क्षेत्र में एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज चार घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका नर्गिस परवीन की हत्या के आरोप में उसके पति सोहैल को पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद बताया गया है।
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय के अनुसार, आरोपी ने पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से पहले भेलूपुर थाने में अपनी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वह जानबूझकर घर से गायब रहता था, जिससे पत्नी नर्गिस उसे तलाशती रहती थी। जांच के दौरान सामने आया कि सोहैल ने योजना बनाकर नर्गिस को घर बुलाया और दिनभर साथ रखने के बाद देर रात उसे हरपालपुर गांव स्थित वैष्णो पुरम कॉलोनी ले गया। वहां उसने ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंककर फरार हो गया।
मृतका की पहचान आधार कार्ड के जरिए होने के बाद एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में लोहता पुलिस और क्राइम टीम ने जांच तेज की। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने घरेलू कलह के चलते हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
इस त्वरित कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सराहना की जा रही है। मृतका के पिता गुलाम की तहरीर पर पति सहित सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
