भदोही
राजमार्ग पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आए दो युवक, गंभीर हालत में रेफर
जंगीगंज बाजार में हुआ हादसा, सीएचसी गोपीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजे गए घायल
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के जंगीगंज बाजार में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार घायल युवकों की पहचान इंद्रेश कुमार (22 वर्ष), निवासी गोधना गांव, थाना ऊंज और उमेश कुमार (25 वर्ष), निवासी मैलौना गांव के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की मदद से सरकारी एंबुलेंस द्वारा दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
