गाजीपुर
राजकुमार पाल अर्जुन अवार्ड की दौड़ में, करमपुर में जश्न का माहौल
ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी के नामांकन की खबर से ग्रामीणों में खुशी, मिठाई बांटकर मनाई खुशी
पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुके हैं राजकुमार, मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी से शुरू किया था सफर
खानपुर, गाजीपुर। गाजीपुर के करमपुर गांव की हॉकी प्रतिभा और भारतीय टीम के ओलंपियन राजकुमार पाल को प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड के लिए नामित किए जाने की खबर से करमपुर सहित पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। नामांकन की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया और राजकुमार की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव बताया।
पेरिस ओलंपिक में जीता था कांस्य पदक
राजकुमार पाल की खेल यात्रा संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा की मिसाल रही है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक-2024 में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्होंने भारतीय हॉकी के साथ-साथ गाजीपुर और अपने गांव करमपुर की पहचान भी मजबूत की।
लक्ष्मण पुरस्कार और डिप्टी एसपी पद की मिली जिम्मेदारी
अर्जुन अवार्ड के लिए नामित होने से पहले राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2024 में लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी पद का नियुक्ति पत्र भी मिल चुका है। खेल और सरकारी सेवा के क्षेत्र में मिली इन उपलब्धियों ने उनके संघर्ष को नई पहचान दी है।
मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी से संवरा हुनर
करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी राजकुमार पाल की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी रही है। इसी एकेडमी में प्रशिक्षण लेकर उन्होंने हॉकी की बारीकियां सीखीं और राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया।
मां ने मुश्किल हालात में बेटे का सपना पूरा कराया
राजकुमार पाल का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। तीन भाइयों में सबसे छोटे राजकुमार के पिता स्व. कल्पनाथ पाल के निधन के बाद उनकी मां मनराजी देवी ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे के हॉकी के जुनून को आगे बढ़ने दिया। राजकुमार ने भी कठिन परिस्थितियों में नियमित अभ्यास जारी रखकर अपनी प्रतिभा को निखारा।
ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बने राजकुमार
अर्जुन अवार्ड के लिए नामित होने की खबर पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि राजकुमार पाल की उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा।
