वाराणसी
मोहर्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा : जिलाधिकारी
कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी, ताजियों के साथ अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर रोक : पुलिस आयुक्त
मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
वाराणसी। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। बैठक में धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियेदारों तथा सिविल डिफेंस के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के ताजिया स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
ताजियों के साथ अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन नहीं होगा
जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति ताजियों के साथ अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रदर्शन न करे तथा डीजे की आवाज भी निर्धारित मानक के अनुरूप रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी त्योहार बीते वर्ष शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं और इस बार भी मोहर्रम सहित सभी पर्व पारंपरिक ढंग से मनाए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी तथा जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की बात कही गई।
साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त को ताजिया स्थलों, सीवर और नालों की सफाई तथा चूने के छिड़काव के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में इस व्यवस्था के लिए डीपीआरओ को जिम्मेदारी सौंपी गई।
उन्होंने नगर निगम और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंप एवं आरओ प्लांटों की मरम्मत कराने तथा जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, लटके तारों और जर्जर बिजली पोलों को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग को ताजिया मार्गों की सड़कों और गलियों के गड्ढे भरने के लिए कहा गया।
सोशल मीडिया और ड्रोन से होगी निगरानी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि मोहर्रम गरिमा एवं परंपरा के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का है और किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक या फर्जी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से बचें।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया और ड्रोन कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
अधिकारी एवं धर्मगुरु रहे मौजूद
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित जनपद की विभिन्न मस्जिदों के इमाम एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
