गाजीपुर
मोहर्रम को लेकर बहरियाबाद थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
बहरियाबाद (गाजीपुर)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बहरियाबाद थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियेदारों, अखाड़ा प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी नया कार्य या नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। यदि कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने या अराजकता फैलाने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित मार्गों और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने बहरियाबाद कस्बा सहित दरगाह, मलिकनगांव, पलिवार, देईपुर आदि गांवों में स्थापित किए जाने वाले ताजियों, चौकों एवं जुलूस मार्गों से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी ली।
बैठक में दसवीं मोहर्रम को उत्तर एवं दक्षिण मोहल्लों से निकलने वाले जुलूसों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जिम्मेदार लोगों एवं प्रतिनिधियों से जुलूस मार्गों की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर ताजियेदार मुन्तजिर इमाम, शहंशाह, शमीमुलवरा, सलीम अंसारी, अब्दुल खालिक, हाजी फरीद, नेसार फैज, अबरार अंसारी, शारिब, एनाम अख्तर, संजू, अनवर हसन, मुश्ताक अहमद** सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी ने मोहर्रम को शांति, भाईचारे और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाने का संकल्प लिया।
