भदोही
मोबाइल टावरों पर चढ़ने की घटनाओं पर सख्त हुई पुलिस
टावर संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
कंटीले तार, सीसीटीवी, ताले और सुरक्षा गार्ड अनिवार्य करने पर जोर
गोपीगंज (भदोही)। मोबाइल टावरों पर चढ़कर आत्महत्या या धमकी देने की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गोपीगंज पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा और प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज ने कोतवाली परिसर में मोबाइल टावर स्वामियों, प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर दिया गया जोर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि हाल के दिनों में मोबाइल टावरों पर चढ़ने की घटनाओं से कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा प्रभावित हो रही है। ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी टावरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना आवश्यक है।
टावर संचालकों को दिए गए अहम निर्देश
पुलिस ने सभी टावर संचालकों को निर्देश दिया कि टावर परिसर के चारों ओर कंटीले तारों की मजबूत घेराबंदी सुनिश्चित की जाए। टावर की सीढ़ियों के निचले हिस्से पर ताला लगाया जाए, परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो तथा सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें। इसके अलावा सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
निर्देशों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन न करने वाले टावर संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है।
