भदोही
भदोही पुलिस को मिले अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
सड़क सुरक्षा और स्मार्ट पुलिसिंग को मिलेगी नई मजबूती, ओवरस्पीडिंग व ड्रंक एंड ड्राइव पर होगी सख्त कार्रवाई
आधुनिक तकनीक से लैस वाहनों के जरिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर होगी प्रभावी निगरानी
भदोही। जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय परिसर से अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक तकनीकों से लैस इन वाहनों के संचालन से स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा मिलेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
एसपी ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन एवं नाइट विजन कैमरे, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, चेतावनी बत्ती और हूटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन उपकरणों के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ध्वनि प्रदूषण और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन वाहनों की तैनाती राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, नगर क्षेत्र तथा संवेदनशील स्थानों पर की जाएगी। साथ ही Zero Fatality District (ZFD) अभियान के तहत गोपीगंज, औराई और भदोही सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर एसपी अभिनव त्यागी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी सहित यातायात शाखा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
