भदोही
मिशन शक्ति 5.0 से महिलाओं को मिल रहा सुरक्षा का भरोसा
भदोही पुलिस ने बाजारों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जागरूकता अभियान
हेल्पलाइन नंबर, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी, महिलाओं से सतर्क रहने की अपील
ज्ञानपुर (भदोही)। “अब बढ़ेगा कदम, बढ़ेगा विश्वास; मिशन शक्ति रच रहा है नया इतिहास” की थीम पर मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत भदोही पुलिस ने जिलेभर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपदीय थाना पुलिस ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन-181, महिला शक्ति लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, इमरजेंसी सेवा-112 और पुलिस कंट्रोल रूम-1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई।
पुलिस टीम ने UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया और साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय समझाए। इसके अलावा महिलाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी अधिकारों से भी अवगत कराया गया।
भदोही पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने सभी महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
