गोरखपुर
मारपीट व जानलेवा हमले में पांच नामजद समेत तीन अज्ञात पर मुकदमा
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला उपनगर के वार्ड नंबर 10 में स्थित खेल कूद मैदान के पास गोला कौड़ीराम सड़क मार्ग पर बुधवार की शाम बाइक ओवर टेक की बात को लेकर हुए विवाद में मनबढ़ो ने बाइक सवार महिला और पुरुष को सरेआम सड़क पर दौड़ा कर पिटते हुए जानलेवा हमला कर दिया। बाईक पर सवार महिला और बीच बचाव करने वाले बुरी तरह घायल हो गए। सड़क पर घंटों अफरातफरी मची रही। घटना की सूचना पर पहुंची गोला पुलिस पीटने वाले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया शेष लोग भाग निकले।
घायलों को सीएचसी गोला पर इलाज के लिए लोगों ने पहुंचाया। जिसमें एक घायल की स्थिति नाजुक देख डॉक्टर ने तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता की लिखित तहरीर पर नवागत थानाध्यक्ष गोला ने पांच नामजद एवं तीन अज्ञात पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही शुरू कर दिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम रानीपुर निवासनी नेहा पुत्री संजय भारती ने पुलिस को तहरीर देकर सूचित किया कि बुधवार की शाम तकरीबन 4 बजे वह अपने भाई कृष्णा के साथ गोला बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। गोला–कौड़ीराम मार्ग पर वीएसएवी इंटर कॉलेज के सामने उनकी बाइक को दूसरी बाइक सवार मनबढ़ो द्वारा ओवर टेक करना शुरू कर दिया गया। मना करने पर विवाद बढ़ गया। दूसरे बाईक सवार के साथी जितानी सोनकर, निखिल सोनकर, दीपक सोनकर, रस्तू सोनकर और मनोज सोनकर पुत्र चंद सोनकर, अपने साथ मौजूद करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जब पीड़िता और अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो हमलावरों ने महिलाओं को भी लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दिया। मारपीट में मनोज सोनकर को गंभीर चोटें आईं। मनोज घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया। घायलो को इलाज के लिए सीएचसी गोला पर ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने स्थिति नाजुक देख जिला अस्पताल के लिए एंबुलेंस से तत्काल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर युवक एक चर्चित गैंग से जुड़े सदस्य बताए जा रहे हैं और उन्होंने बीच-बचाव करने वालों को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। स्थानीय लोगों द्वारा फोन करने पर तत्काल पुलिस पहुंची लेकिन दो हमलावर पुलिस के हाथ लगे शेष फरार हो गए ।
नवागत थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह ने बताया कि देर शाम तहरीर मिलने के बाद बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 126(2) और 110 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
