वाराणसी
माता रानी के आशीर्वाद से शुरू हुआ नया अध्याय, वंदना केशरी ने संभाली महिला नगर सभा की कमान
माता की चौकी के भव्य आयोजन में गूंजे जयकारे, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता का लिया संकल्प
वाराणसी। केसरवानी वैश्य महिला नगर सभा, वाराणसी की नवनियुक्त अध्यक्षा श्रीमती वंदना केशरी ने अपने कार्यकाल का शुभारंभ धार्मिक आस्था और सामाजिक समर्पण के साथ किया। इस अवसर पर 18 जून 2026 को लक्सा स्थित केसरिया थाल में भव्य माता की चौकी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का विशेष वातावरण देखने को मिला। अपने नए दायित्व की शुरुआत माता रानी के चरणों में समर्पित करते हुए अध्यक्षा वंदना केशरी ने समाज की उन्नति, महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक एकता के लिए संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका एवं निवेदिता स्कूल की संगीत शिक्षिका श्रीमती पूनम शर्मा एवं उनकी मंडली ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। माता रानी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर वंदना केशरी ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका पूरा कार्यकाल समाजहित, महिला उत्थान और संगठन की निरंतर प्रगति को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भव्य भोजन की व्यवस्था की गई।
आयोजन को सफल बनाने में अर्चना जी सेनपुरा का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। वहीं निरूपा जी ने उपस्थित महिलाओं को दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महामंत्री सारिक, संरक्षिका शतरूपा जी, सलोनी जी, सुधा जी, मंजेश जी, सतभामा जी, कोषाध्यक्ष प्रीति जी, प्रबंध मंत्री वर्षा जी, भारती, बॉबी, प्रियंका, शिखा, सुनीता सहित महिला सभा की सभी सदस्याओं का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन माता रानी की आरती एवं सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
