भदोही
भूजल सप्ताह के तहत जल संरक्षण पर कार्यशाला आयोजित
जल बचाने का लिया संकल्प
जिला विकास अधिकारी ने कहा- भूजल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना जरूरी
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में भूजल सप्ताह के अंतर्गत विकास भवन सभागार में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी ने की।
कार्यशाला का उद्देश्य भूजल के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना और जल संरक्षण के प्रभावी उपायों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जल संरक्षण को केवल सरकारी योजना न मानकर जनभागीदारी का अभियान बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्षा जल संचयन अपनाने, जल के अनावश्यक दोहन को रोकने और उपलब्ध जल संसाधनों का सही उपयोग करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यशाला में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, भूजल पुनर्भरण (रिचार्ज), तालाबों एवं जलाशयों का संरक्षण, पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन सहित जल बचाने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि वर्षा के पानी का अधिकतम संचयन कर भूजल स्तर में सुधार किया जा सकता है। इससे भविष्य में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भूजल सप्ताह के तहत अपने-अपने विभागों की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही जल संरक्षण के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने भूजल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की शपथ ली।
इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग के खुशबहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
