राष्ट्रीय
भारत ने बढ़ाई एयरस्पेस पाबंदी, पाकिस्तानी विमानों की नो एंट्री जारी
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग पर लगाए गए प्रतिबंध की अवधि बढ़ाकर 24 मई तक कर दी है। यह निर्णय हालिया घटनाक्रम के मद्देनज़र लिया गया है।
बता दें कि पिछले वर्ष अप्रैल से भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र को बंद रखने की अवधि लगातार बढ़ाते रहे हैं। इसी क्रम में पाकिस्तान ने भी मंगलवार को अपने हवाई क्षेत्र को 24 मई तक बंद रखने की घोषणा की थी।
बुधवार को जारी नोटिस टू एयरमेन (नोटम) के अनुसार भारतीय हवाई क्षेत्र अब पाकिस्तान में पंजीकृत विमानों, तथा पाकिस्तानी एयरलाइंस या ऑपरेटरों द्वारा संचालित, स्वामित्व वाले या पट्टे पर लिए गए विमानों के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। सामान्यतः नोटम एक आधिकारिक सूचना होती है, जिसमें उड़ान संचालन से जुड़े कर्मियों के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की जाती है।
