भदोही
भाजपा की जिला कामकाजी बैठक में बूथ सम्मेलन की तैयारियों पर मंथन
22 जुलाई के विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन को सफल बनाने का कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी बोले- बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
भदोही। भारतीय जनता पार्टी जनपद भदोही की जिला कामकाजी बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में आगामी 22 जुलाई को होने वाले विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने की। जिला प्रभारी ने कहा कि बूथ भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर
जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करें। उन्होंने कहा कि आगामी बूथ सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जुट जाएं।
बैठक में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, पूर्व विधायक रविंद्र त्रिपाठी, पूर्व प्रदेश मंत्री नागेंद्र सिंह और कार्यक्रम संयोजक सतीश चंद्र पांडेय ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लिया भाग
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजेश पटेल ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मनीषा अम्बष्ट, सतीश पांडेय, विमल मिश्रा, बृजेश गुप्ता, गोवर्धन राय, जिला मीडिया प्रभारी नागेंद्र नाथ मिश्रा ‘नवीन’, जिला सोशल मीडिया प्रभारी अखिलेश तिवारी, जिला मंत्री वेद मौर्य, पवन दुबे, योगेंद्र सिंह, राज यादव, हरिशंकर दुबे, सौरभ मालवीय, संजू सरोज सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
