Connect with us

भदोही

जिला आंदोलन के जनक प्रभुनाथ मिश्रा को समाजवादियों ने दी श्रद्धांजलि

Published

on

Loading...
Loading...

पांचवीं पुण्यतिथि पर याद किए गए संघर्ष, त्याग और समाजवादी विचारों के पुरोधा

विधायक जाहिद बेग ने कहा- भदोही जिले के निर्माण में उनका योगदान सदैव अमर रहेगा

औराई (भदोही)। भदोही जिला बनाओ आंदोलन के जनक और निर्भीक समाजवादी चिंतक स्वर्गीय प्रभुनाथ मिश्रा की पांचवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को औराई क्षेत्र के सुदामा कुटी, भमौरा (माधोसिंह) में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादियों और प्रबुद्धजनों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और विचारों को नमन किया।

कार्यक्रम में विधायक जाहिद बेग ने कहा कि प्रभुनाथ मिश्रा का पूरा जीवन सामाजिक न्याय और समाजवादी मूल्यों के लिए समर्पित रहा। 15 अगस्त 1947 को जन्मे प्रभुनाथ मिश्रा ने उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद शिक्षक (प्रवक्ता) के रूप में कार्य किया, लेकिन डॉ. राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और मधु लिमये के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने वर्ष 1973 में नौकरी छोड़कर समाजवादी आंदोलन का रास्ता चुना।

भदोही जिला निर्माण आंदोलन में निभाई थी अहम भूमिका

वक्ताओं ने कहा कि भदोही को अलग जिला बनाने के आंदोलन में प्रभुनाथ मिश्रा की भूमिका ऐतिहासिक रही। उनके नेतृत्व में चले आंदोलन और 27 जून से प्रस्तावित आमरण अनशन के ऐलान के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने 30 जून 1994 को भदोही को जिला बनाने की घोषणा की थी।

Advertisement

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीवनभर संघर्ष करने वाले प्रभुनाथ मिश्रा कई बार जेल गए, लेकिन अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनकी सादगी और संघर्षशील जीवन के कारण पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने उनके आवास को ‘सुदामा कुटी’ की संज्ञा दी थी।

समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का लिया संकल्प

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रभुनाथ मिश्रा के विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक न्याय, समानता तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर शैलेश सिंह मंटू, आसिफ खान, रुद्रपति दुबे, श्रवण, सलाउद्दीन अंसारी, संतोष यादव, केशनारायण यादव, लालचंद बिंद, काशीनाथ पाल, बाबा बिंद, दिलीप भीम कनौजिया, कमलेश यादव, दीनानाथ यादव, कमला शंकर महतो, रवि यादव, अंकित राजपूत, संदीप यादव मंकी, छविनाथ यादव, राजेन्द्र कल्लू यादव, राजन पांडेय, हरिओम मौर्य, दशरथ यादव, अजय यादव, गिरजाशंकर यादव, जेपी यादव, रामराज यादव, विकास मिश्र, शिवम दुबे, आदर्श मिश्र, अश्वनी मिश्र, हर्ष मिश्र, जिगर मिश्र, बाबा मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र ‘पप्पू’ ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page