गाजीपुर
भांवरकोल चट्टी पर बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मिला 70 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
भांवरकोल/गाजीपुर। थाना क्षेत्र के भांवरकोल चट्टी स्थित लल्लन मिष्ठान भंडार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मंगलवार सुबह करीब 70 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों और दुकानें खोलने पहुंचे दुकानदारों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
शव की तलाशी के दौरान पुलिस को एक आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान कमलुद्दीन शाह (70 वर्ष) पुत्र महमूद शाह, निवासी कोइरीपुरवा, जनपद बक्सर (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताई बुजुर्ग की पहचान
स्थानीय लोगों के अनुसार कमलुद्दीन शाह लंबे समय से भांवरकोल चट्टी के आसपास घूमते रहते थे। वह नशे के आदी बताए जाते हैं और क्षेत्र के अधिकांश लोग उन्हें पहचानते थे। घटना के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग इसे प्राकृतिक मृत्यु मान रहे हैं, जबकि अन्य लोग मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जता रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
थानााध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
