Connect with us

गोरखपुर

बैंक खाते का दुरुपयोग कर 75 लाख के संदिग्ध लेनदेन का आरोप, तीन गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

रामगढ़ताल पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई; बैंककर्मी समेत तीन आरोपी पकड़े गए, चार मोबाइल बरामद

गोरखपुर। साइबर फ्रॉड और बैंक खातों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामगढ़ताल पुलिस और साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैंककर्मी द्वारा ग्राहक को विश्वास में लेकर उसके बैंक खाते और दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

बैंककर्मी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश कुमार सिंह निवासी बखिरा, संतकबीरनगर, वर्तमान पता बंधन बैंक तारामंडल गोरखपुर, सुशांत विश्वकर्मा निवासी रायगंज अलहदादपुर और विनय साहनी निवासी काली मंदिर कुड़ाघाट, सिंघाड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पहले खाता खुलवाया, फिर दोबारा लिए दस्तावेज

शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में बैंककर्मी हरीश कुमार सिंह के बार-बार अनुरोध पर शिकायतकर्ता ने अपनी फर्म के नाम से बैंक खाता खुलवाया था। बैंक की सेवाओं से असंतुष्ट होने पर उसी वर्ष खाता बंद कराने के लिए लिखित आवेदन दिया गया था। आरोप है कि वर्ष 2025 में हरीश ने बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देकर दोबारा दस्तावेज लिए और फर्म के नाम से खाता खुलवाया। इसके बाद खाते से संबंधित जानकारी व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी गई।

वाहन ऋण के नाम पर लिए दस्तावेज

शिकायतकर्ता के अनुसार अप्रैल 2026 में वाहन ऋण की जानकारी लेने पर उससे आधार, पैन समेत अन्य दस्तावेज लिए गए। ईएमआई अधिक होने के कारण उसने वाहन खरीदने का निर्णय टाल दिया। आरोप है कि इसके बाद मई में हरीश शिकायतकर्ता की जानकारी के बिना पहले से खुले खाते से जुड़ा सिम कार्ड भी अपने साथ ले गया।

Advertisement

राजस्थान से सामने आया 75 लाख का मामला

27 जून 2026 को शिकायतकर्ता को राजस्थान से उसके बैंक खाते में कथित संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि खाते में करीब 75 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि आई थी, जिसे अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता की तहरीर पर रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों से जांच आगे बढ़ी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी निरीक्षक श्यामानन्द राय के नेतृत्व में रामगढ़ताल थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page