बलिया
बारात से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और हॉकी से किया हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर
बैरिया (बलिया)।भाई की शादी में शामिल होकर लौट रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर रास्ते में जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना 25 जून की सुबह रेवती थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल की पहचान भोजपुर (बिहार) के सरबू सिंह के टोला निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बारात से लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व हॉकी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पीआरबी ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर उपचार के लिए परिजन उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल के पिता की तहरीर पर रेवती पुलिस ने सुरेंद्र यादव, कमलेश यादव, मंटू यादव, अंकित यादव और प्रहलाद कुमार यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि 24 जून को बारात आई थी और 25 जून की सुबह लौटते समय पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। घायल के बयान और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
