Connect with us

भदोही

बस स्टैंड पर रोडवेज परिचालक से मारपीट का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

बस हटाने को लेकर हुआ विवाद, अज्ञात ऑटो चालकों पर मुकदमे की मांग

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की पहचान में जुटी

गोपीगंज (भदोही)। नगर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के बस स्टैंड पर गुरुवार को रोडवेज बस के परिचालक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। परिचालक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में तैनात परिचालक रामप्रकाश सिंह, निवासी बरैनी (कछवा), ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह सरकारी रोडवेज बस से सवारियों को लेकर वाराणसी से प्रयागराज जा रहे थे। गोपीगंज बस स्टैंड पर निर्धारित ठहराव के दौरान करीब एक दर्जन अज्ञात ऑटो चालकों ने बस को तत्काल आगे बढ़ाने का दबाव बनाया।

परिचालक के अनुसार जब वह चालक से बस आगे बढ़ाने की बात कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनका बैग छीनने का भी प्रयास किया। बैग में बस के टिकट, सरकारी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन रखी हुई थी। हालांकि बैग को मजबूती से पकड़े रहने के कारण वह सुरक्षित बच गया।

Advertisement

तहरीर के आधार पर जांच शुरू

घटना के बाद परिचालक ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बस स्टैंड पर अव्यवस्था की समस्या भी आई सामने

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर रोडवेज बसों का ठहराव होता है, वहीं से एक गली भी गुजरती है, जिससे लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। उनका आरोप है कि बस स्टैंड क्षेत्र में प्राइवेट बस और ऑटो चालकों का प्रभाव अधिक होने के कारण रोडवेज बसों के संचालन और ठहराव में अक्सर दिक्कतें आती हैं।

लोगों ने प्रशासन से बस स्टैंड क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page