बलिया
बलिया में 21.95 लाख मतदाता, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मौका 16 दिसंबर तक
बलिया। जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। प्रारंभिक सूची में जिले के कुल 21 लाख 95 हजार 749 मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बेल्थरा रोड, रसड़ा, सिकंदरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह और बैरिया विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में 12 लाख 19 हजार 215 पुरुष, 9 लाख 76 हजार 462 महिलाएं और 72 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, विवरण में संशोधन कराने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके लिए मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बीएलओ या तहसील कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकते हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। सूची में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर संशोधन करा लें।
