वाराणसी
बंद मकान का ताला तोड़कर 11 लाख की चोरी
नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर, परिवार शादी समारोह में गया था
सूचना पर पहुंची पुलिस, मामले की जांच शुरू
मिर्जामुराद, वाराणसी। क्षेत्र के गौर गांव स्थित राजभर बस्ती में सोमवार रात बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 11 लाख रुपये मूल्य की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार गौर गांव निवासी संजय राजभर अपने परिवार के साथ जंसा थाना क्षेत्र के पचवार गांव में रिश्तेदारी के एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर लिया।
बॉक्स का ताला तोड़कर किया हाथ साफ
चोरों ने घर के कमरे में रखे बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखे एक लाख रुपये नकद, एक सोने की सिकरी, दो सोने की अंगूठियां सहित लगभग 30 ग्राम सोने के आभूषण तथा दो करधनी, पायल समेत करीब दो किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गए।
घर लौटने पर हुई घटना की जानकारी
मंगलवार सुबह जब परिवार शादी समारोह से वापस घर लौटा तो मकान का ताला टूटा देखकर चोरी की घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जुटी जांच में
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित के अनुसार चोरी गए नकदी और जेवरात की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले के खुलासे के लिए जांच में जुटी हुई है।
