Connect with us

बड़ी खबरें

प्लॉट पर कब्जे के विरोध में कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास

Published

on

Loading...
Loading...

महिला और बेटी ने पेट्रोल छिड़ककर उठाया कदम, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया; प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा

बरेली। कैंट क्षेत्र में प्लॉट पर कथित कब्जे के विरोध में बुधवार सुबह एक परिवार की महिलाओं ने कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रोक लिया और पेट्रोल की बोतल अपने कब्जे में ले ली। घटना के बाद कलक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।

प्लॉट पर कब्जे का आरोप

मानपुर चिकटिया निवासी गौरव का आरोप है कि उनके 200 वर्ग गज के प्लॉट पर पड़ोसी राजवीर करीब दो महीने से कब्जा किए हुए है। परिवार का आरोप है कि प्लॉट पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसका विरोध करने मंगलवार को परिवार की महिलाएं मौके पर पहुंची थीं। आरोप है कि वहां मौजूद कैंट थाने के हल्का प्रभारी राकेश दरोगा के सामने महिलाओं के साथ मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।

कई जगह शिकायत के बाद उठाया कदम

गौरव के मुताबिक परिवार ने मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारी और सदर एसडीएम से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर परिवार की महिलाओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया।

सुरक्षाकर्मियों ने बचाया

गौरव की चाची कमलेश, ताई मुन्नी, बहन रोशनी और विमलेश परिवार के साथ कलक्ट्रेट गेट पहुंचीं। महिलाओं ने न्याय की मांग करते हुए खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। वहां तैनात होमगार्ड संदीप शर्मा ने अन्य कर्मचारियों की मदद से उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। इंटेलिजेंस के दरोगा ओमपाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को सूचना दी।

Advertisement

डीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्या का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद चारों महिलाओं को जिला अस्पताल भेजा गया। प्रशासन की ओर से परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page