Connect with us

बड़ी खबरें

आजम खां से मिले शिवपाल

Published

on

Loading...
Loading...

तजीन फात्मा से भी की मुलाकात, जौहर यूनिवर्सिटी का लिया जायजा; 2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस से गठबंधन के संकेत

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव बुधवार को रामपुर पहुंचे और जेल में बंद सपा नेता आजम खां से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान राजनीतिक और स्थानीय मुद्दों के साथ आजम खां के स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चा होने की बात सामने आई है।

तजीन फात्मा से भी मिले

जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा के आवास पहुंचे। उन्होंने तजीन फात्मा से मुलाकात कर आजम खां के स्वास्थ्य समेत अन्य विषयों की जानकारी ली। इसके बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे और परिसर का जायजा लिया। उनके रामपुर पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया।

कांग्रेस के साथ गठबंधन, बसपा से दूरी के संकेत

इससे एक दिन पहले शिवपाल यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस गठबंधन के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि सपा का गठबंधन कांग्रेस के साथ है और दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, बसपा के साथ किसी तरह के गठबंधन की संभावना से इनकार किया था।

अखिलेश के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा

शिवपाल यादव ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में सपा-कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और व्यापारियों की समस्याओं जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Advertisement

भाजपा पर लगाया मुद्दों से भटकाने का आरोप

शिवपाल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महंगाई, बेरोजगारी और किसानों-व्यापारियों की समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए हिंदू-मुस्लिम राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन इन मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा।

आजम खां और बर्क के मुकदमों पर भी दिया बयान

शिवपाल यादव ने दावा किया कि यदि प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो आजम खां और संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ दर्ज मुकदमों को खत्म करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के राजनीतिक उत्पीड़न का आरोप भी लगाया। संभल हिंसा की न्यायिक जांच रिपोर्ट पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page