Connect with us

वाराणसी

पेयजल संकट और जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

भ्रष्टाचार की जांच और अधूरी जल योजनाएं शुरू कराने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पिंडरा (वाराणसी)।विकासखंड पिंडरा के विभिन्न गांवों में पेयजल संकट और जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार (राजू राम) के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार की हर घर जल (पेयजल) योजना भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गई है। कई गांवों में दो वर्ष पूर्व निर्मित पानी की टंकियां अब तक चालू नहीं हो सकी हैं, जबकि अनेक घरों तक पेयजल कनेक्शन भी नहीं पहुंचा है। इसके चलते ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने गजोखर, बढ़ौना, मुलका, ओदार, कठरवा, पिंडराई, असबालपुर, परसरा, मरुई, शिवपुर मरुई और अमउत समेत दर्जनों गांवों में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। साथ ही पिंडरा रोड से जगदीशपुर रेलवे फाटक, करखियांव रेलवे फाटक से कुसाव तथा करखियांव रेलवे फाटक से परसरा रोड तक जर्जर हो चुकी सड़कों का बरसात से पहले निर्माण कराए जाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश सिंह रिशु, चंदन कुमार, रवि पटेल, सुजीत कुमार, श्याम मोहन गुप्ता, योगेंद्र प्रसाद सिंह और बृजेश कुमार जैसल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Advertisement

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page