Connect with us

वाराणसी

नौतपा की विदाई के साथ बदला मौसम का मिजाज, पूर्वांचल में राहत के संकेत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी में तापमान सामान्य से कम, बढ़ी नमी और बादलों की आवाजाही से बूंदाबांदी के आसार

प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना, लू के प्रभाव में आएगी कमी

वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है, जबकि वातावरण में नमी का स्तर बढ़ने लगा है। नौतपा का दौर मंगलवार के साथ समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही पुरवा हवाओं के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी और स्थानीय गर्मी के कारण बादलों की सक्रियता में इजाफा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान जताया है।

मंगलवार सुबह सूर्योदय से पहले पुरवा हवाओं का प्रभाव देखने को मिला, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रही। हालांकि दिन चढ़ने के साथ नमी बढ़ने लगी और धूप निकलने के बाद उमस महसूस की गई। सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप के कारण लोगों को पसीना आने लगा, जबकि 11 बजे के बाद गर्मी का असर और अधिक महसूस किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। वातावरण में नमी और स्थानीय हीटिंग के कारण बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है, जिससे कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। बादलों की मौजूदगी से तापमान में और कमी आ सकती है तथा मौसम का रुख बदल सकता है।

Advertisement

बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। इस अवधि में अधिकतम आर्द्रता 61 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बने रहने के संकेत दिए हैं। साथ ही प्री-मानसूनी गतिविधियों के आगे बढ़ने का भी अनुमान जताया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होने के बाद मानसूनी बादलों की प्रगति को भी गति मिल सकती है। इसके साथ ही पूर्वांचल में लू के थपेड़ों में कमी आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page