भदोही
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों ने लिया लाभ, दवा भी वितरित
दरवासी गांव में 528 मरीजों की हुई जांच
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चला शिविर
कोइरौना (भदोही) । डीघ ब्लॉक क्षेत्र के दरवासी गांव में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष यादव द्वारा विभिन्न रोगों की जांच की गई। शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें कुल 528 ग्रामीणों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रही मौजूद
शिविर में जनरल फिजिशियन और हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। इस दौरान मरीजों का बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन और एक्स-रे सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं।
सामान्य बीमारियों के मरीजों की रही अधिक संख्या
शिविर में सबसे अधिक बुखार, खांसी-जुकाम, जोड़ों के दर्द और पेट दर्द से संबंधित मरीज पहुंचे। जांच के बाद सभी मरीजों को डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार एक महीने की निःशुल्क दवा भी वितरित की गई।
इसके साथ ही ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, टाइफाइड और यूरिन जांच की भी व्यवस्था की गई।
गर्भवती महिलाओं की जांच और स्वास्थ्य जागरूकता
शिविर में गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आयरन और कैल्शियम की गोलियां दी गईं। साथ ही परिवार नियोजन, टीबी, कुष्ठ रोग और मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि गंभीर बीमारी में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सके।
उद्घाटन और आयोजन
शिविर का उद्घाटन समाजसेवी सुशील सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने मरीजों को बारी-बारी से चिकित्सकीय परामर्श दिलाया और दवा उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर एएनएम मोनीता जैन, संध्या पटेल, शर्वरी, निशा, सीमा, शाबिया, आनंद सिंह, सुनील कुमार, महेश सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
