Connect with us

भदोही

इंजीनियर के घर चोरी का प्रयास विफल, कॉलोनी में दहशत

Published

on

Loading...
Loading...

दरवाजे का ताला तोड़ा, पेट्रोल डालकर लगाई आग; लोगों के जागने पर भागे बदमाश

दो माह में आधा दर्जन घटनाओं से बढ़ी चिंता, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

भदोही। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के कंसापुर ग्राम सभा स्थित विकास भवन के पास ब्रह्मा बाबा कॉलोनी में विकास भवन में तैनात इंजीनियर दयाराम के घर चोरी का प्रयास विफल हो गया। आसपास के लोगों के जाग जाने और शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात चोर मकान की चारदीवारी फांदकर भीतर घुस गए। उन्होंने मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़ दी, लेकिन शटर लॉक लगे होने के कारण दरवाजा नहीं खोल सके। इसके बाद बदमाशों ने दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें देखकर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने अन्य लोगों को जगाते हुए शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। लोगों के सक्रिय होने पर करीब आधा दर्जन बदमाश मौके से भाग निकले।

सूचना मिलने पर ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास छानबीन की। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दो कांस्टेबलों की ड्यूटी मकान के सामने लगाई। घटना में लगभग 20 हजार रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।

Advertisement

बताया गया कि मकान मालिक दयाराम परिवार सहित एक रिश्तेदारी में वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। सूचना मिलने के बाद वह रात में ही वापस लौट आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो माह में ब्रह्मा बाबा कॉलोनी में इस तरह की आधा दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी के पास स्थित शराब की दुकान के आसपास देर रात लोगों का जमावड़ा लगा रहता है और खाली पड़े मकानों को निशाना बनाया जाता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page