गोरखपुर
‘नमस्ते दिवस’ पर गोरखपुर में सफाई मित्रों का सम्मान
सुरक्षा उपकरण किए गए वितरित
‘सफाई मित्र सुरक्षित शहर’ अभियान में नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान
गोरखपुर। “नमस्ते दिवस” के अवसर पर नगर निगम गोरखपुर के सदन हाल में सफाई मित्रों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सीवर और नाला सफाई कार्य में लगे फ्रंटलाइन सफाई कर्मियों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए तथा उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने सभी सफाई मित्रों को “नमस्ते दिवस” की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “सफाई मित्र सुरक्षित शहर” राष्ट्रीय पहल के तहत नगर निगम गोरखपुर को देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसे शहर और सफाई मित्रों के लिए गर्व की उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है।
महापौर ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक करीब 1600 सफाई कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष कर्मियों को भी जल्द योजना से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा “सफाई मित्र कर्म निधि” के माध्यम से जरूरतमंद कर्मचारियों को आपातकालीन आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और स्वस्थ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रशासन सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उनके हित में लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में महापौर और नगर आयुक्त ने सभी सफाई मित्रों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने में अपना योगदान जारी रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, गौरव रंजन श्रीवास्तव, जोनल सेनेट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अविनाश सिंह, रवि सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
