भदोही
धूमधाम से निकली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल
जिलाधिकारी शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने पैदल भ्रमण कर दिए सुरक्षा के निर्देश, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ आयोजन
गोपीगंज (भदोही)। ऐतिहासिक कस्बा गोपीगंज में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ निकाली गई। रथ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने भारी पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र और रथ यात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
दोनों अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने रथ यात्रा समिति के पदाधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय लोगों से संवाद कर त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की निगरानी
रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासन की व्यवस्था के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ को उत्साहपूर्वक खींचा। पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया।
स्थानीय लोगों ने किया अधिकारियों का स्वागत
रथ यात्रा के दौरान मेला क्षेत्र में मौजूद स्थानीय नागरिकों और रथ यात्रा समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
जिला प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुई।
