गाजीपुर
दो वर्षों से अधूरी जल जीवन मिशन की टंकी, शुद्ध पेयजल को तरस रहे ग्रामीण
भांवरकोल (गाजीपुर)। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत मलसा ग्राम सभा में निर्माणाधीन पानी की टंकी करीब दो वर्षों बाद भी अधूरी पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण अब तक गांव में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे लोग आज भी हैंडपंप और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
विभागीय सुस्ती पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि टंकी निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है। सामाजिक कार्यकर्ता संतोष वर्मा ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका। उनका कहना है कि समय पर काम पूरा हो जाता तो गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल जाती।
मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी शिकायत
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा कर जलापूर्ति शुरू नहीं कराई गई तो वे जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ तभी मिलेगा, जब हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे।
विभाग का पक्ष नहीं आया सामने
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अधूरा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।
