वाराणसी
दीनदयाल अस्पताल में समय से पहले बांटा जा रहा रात का भोजन, मरीज परेशान
अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती मरीजों को शाम का भोजन निर्धारित समय से पहले दिए जाने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीज के तीमारदार मनोज ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन रात का भोजन शाम पांच से छह बजे के बीच ही वितरित कर देता है, जबकि अधिकांश मरीज इसे रात नौ से 10 बजे के बीच खाते हैं। इसके चलते रोटियां कड़ी हो जाती हैं और दाल-सब्जी ठंडी पड़ जाती है।
गर्मी के मौसम में लंबे समय तक रखा भोजन मरीजों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डाल रहा है। वहीं विनोद ने बताया कि भोजन गर्म कराने के लिए बाहर ले जाने पर 10 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक दिक्कत भी बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में यह व्यवस्था कुछ हद तक ठीक मानी जा सकती है, लेकिन भीषण गर्मी के दौरान समय से पहले भोजन बांटना मरीजों के साथ अन्याय है। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग करते हुए अस्पताल प्रशासन से अनुरोध किया कि रात का भोजन उचित समय पर वितरित कराया जाए, ताकि मरीजों को ताजा और गर्म भोजन मिल सके।
इस मामले में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश ने कहा कि रात में खाना पहले वितरित किया जाना पूरी तरह गलत है। संबंधित अधिकारियों से बात कर भोजन वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
